गुरुवार, 19 नवंबर 2026

किसी रोज़

किसी रोज़

​एक नदी बनाऊँगा तुम्हारे लिए

सबसे ऊँचे पहाड़ से बहती हुई,

एक इतना ऊँचा पहाड़ बनाऊँगा

जिसके पीछे से उगने में

आधा दिन लगेगा सूरज को,

ताकि तुम सो सको

एक पूरी रात के बाद

आधा दिन और


​किसी रोज़

कई रंगों के चाँद बनाऊँगा

जिन्हें तुम मैचिंग के सितारों वाले दुपट्टे से बाँध सको,

और किसी अमावस्या की रात

दुपट्टा लहराकर पूर्णिमा मना सको


​किसी रोज़

एक पेड़ उगाऊँगा तुम्हारे लिए

ऊँचा, आसमान को छूता,

जिस पर चढ़ने का सपना

चढ़ने से बेहतर हो


​किसी रोज़

प्यार के फूल उगाऊँगा

रास्ते के दोनों ओर—

वो रास्ता, जो मेरे दिल से

जाता हो तुम्हारे दिल तक


​किसी रोज़

आसमान में आग से नहीं

बदलियों की काली स्याही से लिखूँगा—

ये दुनिया गुरुत्वाकर्षण पर नहीं,

बैल के सींगों पर नहीं,

चंद लफ़्ज़ों पर टिकी है


​ ©2026 डॉ. रविंद्र सिंह मान


मंगलवार, 10 नवंबर 2026

इक पुराने यार से तर्क-ए-वफ़ा कहते हुए

इक पुराने यार से तर्क-ए-वफ़ा कहते हुए

बच रहा हूँ हादसे को हादसा कहते हुए


​अंजुमन से चल दिए सब और हम पीछे यहाँ

रह गए बैठे दिलों का माजरा कहते हुए


​रास आ जाए किसी सूरत ये तन्हाई हमें

हम तो काफ़िर पे भी राज़ी हैं ख़ुदा कहते हुए


​किस सुकूँ से मुस्कुराया था वो रिश्ता तोड़कर

हम कि रोए बेवफ़ा को बेवफ़ा कहते हुए


​उस गिरेबाँ पर बहुत हैं ख़ून के धब्बे, बहुत

डर रहा हूँ मैं इसे उसकी अदा कहते हुए


​चाँद तारे आसमाँ मौसम बदलते रात दिन

क्यों रुके जाते हैं हम को अलविदा कहते हुए


​©2026 डॉ. रविंद्र सिंह मान


रविवार, 4 अक्टूबर 2026

हमें गुज़श्ता सफ़र की साथी तमाम उलझन उतारनी है



जले दिलों को बुझे चराग़ों, उदास शामों के मौसमों में

ठिठरती रातों कसकते लम्हों के दरमियाँ जब कोई पुकारे


कोई पुकारे ए मेरे साथी किसी सफ़र पे कि साथ निकलें

कोई सफ़र जो बग़ैर रस्ते बग़ैर मंज़िल कहीं ले जाए


वहाँ ले जाए जहाँ अज़ाबों अज़ीयतों के परे न फिर से

कोई अँधेरा, कोई शिकंजा , कोई उदासी दिलों को जकड़े


भले शिकस्ता दिलों को कोई नए भरोसे नहीं दिलाए

भले हमारी घुटन का पुख़्ता इलाज कोई निकल न पाए


भले कि बेचैन धड़कनों को कोई न हाथों से थाम पाए

कोई न पूछे कि हाल क्या है कोई न हमको गले लगाए


मगर जहाँ हों गुलों के मौसम, गुलों पे रंगत बहार की हो

जहाँ पे खुशबू की आहटें हों, जहाँ पे चुप्पी खुमार की हो


हमें तो ऐसे ही मंज़रों पे बची ये उमरें  गुजारनी हैं

हमें गुज़श्ता सफ़र की साथी, तमाम उलझन उतारनी है


©2026 डॉ रविंद्र सिंह मान

शुक्रवार, 9 जनवरी 2026

कोई तो हो

 


कोई तो हो


जो झुकते काँधों पे हाथ रख के उदास आँखों का हाल पूछे

जो हँसते चेहरों के पीछे बहते आंसुओं पे सवाल पूछे

उनींदी रातों की अल सुबह ही सियाह धुंध को शफ़्फ़ाक करके  

हमारी बेचैन धड़कनों से तमाम वजह ए मलाल पूछे


कोई तो हो


कोई तो हो


जो हमसे पूछे कि कल सुबह तुम क्या कर रहे हो

हमसे पूछे कि अगले हफ़्ते क्या छुट्टियों पे निकल रहे हो?

हमें जताए कि क्या पता क्यूं अब के लीची पे बौर कम है

कहे कि बेमौसम की बारिश से तुम बेवजह ही डर रहे हो


कोई तो हो


कोई तो हो


जो काली रातों का बढ़ना रोके समय का बहता पसीना पोंछे

दिलासा दे जो उदासियों को सूरजों का कुहासा पोंछे

जो तपती राहों में छांव कर दे सब के पैरों के घाव भर दे

तुम्हारी आँखों के डर मिटाए हमारे दिल की निराशा पोंछे


कोई तो हो



©2025 डॉ रविंद्र सिंह मान

सोमवार, 1 दिसंबर 2025

हमें पता है

हमें क्या मालूम कि कैसे मंदिर, कैसी मस्जिद

कि क्या है गिरजा, क्या गुरुद्वारा

हमने मुहब्बत के पाठ पढ़के खुदा को जाना 


हमने पखेरुओं को चाहा

जंगलों को गले लगाया

नदी के पानी से घूंट भरके

तपती रेतों पे सर नवाया


हम न माने, न ही सुना और कुछ न बोले

हमको पीटा, मार डाला 

हमारी हड्डियों का सुरमा अक्सर

हवा की आंखों में बहता आया



हम क्या जानें कौन न्यूटन

और क्या गति के फार्मूले

हमें पता है दिल के मसलों में सीधे चलना 

झुक के रहना, नज़र न उठना 


हम क्या जानें ये आरबीसी

भी क्या बला है

हम को खबर है तेरे हाथों की लाल मेंहदी

अपने लहू से दमक रही है


हमें पता है कि सिर्फ तू है

हमें पता है जहान तू है

हमें पता है कि कायनातों का रोग कैसे मिटाना है

हमें पता है जो तू उदास है तो तुझ को कैसे हंसाना है


©2025 डॉ रविंद्र सिंह मान


रविवार, 9 नवंबर 2025

रोग बन के रह गया है प्यार तेरे शहर का

 रोग बन के रह गया है प्यार तेरे शहर का

हर  मसीहा दिख रहा बीमार तेरे शहर का


इसकी गलियां मेरी सब चढ़ती जवानी खा गईं

क्यूं नहीं करता रहूं  सत्कार तेरे शहर का 


शहर  तेरे कद्र लोगों को न सच्चे प्यार की

रात को खुलता है हर बाजार तेरे शहर का


अब तो मंजिल के लिए इक पैर भी उठता नहीं 

चुभ  गया  कुछ  इस  तरह  से  खार  तेरे  शहर  का 


इक  कफ़न  भी   बाद  मरने  के  नहीं होता  नसीब 

कौन पागल फिर करे इतबार तेरे शहर का


यहां मेरी लाश तक नीलाम कर डाली गई

पर  नहीं  उतरा है कर्जा यार तेरे शहर का


पंजाबी में ग़ज़ल  शिव कुमार बटालवी 

 हिंदी अनुवाद मेरा है.

शनिवार, 11 अक्टूबर 2025

इक दिन हम तुम फेर मिलेंगे


उस कैफे में पीछे बैठ के 

हम दोनों ने एक ही कप में

आधी आधी चाय पी थी

इक दूजे को साथ बिठा के

न ही तो पलकें झपकी थीं

न ही कोई बात कही थी


उस कैफे की छत पर जब भी

पूरे चांद की रात खिलेगी

रात के पिछले पहर में छिपकर

इक दिन हम तुम फेर मिलेंगे


सपनों का इक महल था जिसमें 

अमियों का एक बाग लगा था

सबसे ऊंचे पेड़ पे तेरा-

मेरा नाम जो कभी लिखा था

इक दूजे को भूल न जाएं

             तभी लिखा था


अमियों के उस बाग के अंदर

बूढ़े हो गए पेड़ के नीचे

सपनों के पतझड़ से पहले

इक दिन हम तुम फेर मिलेंगे


कालेज के उन गलियारों में 

साहिर की गजलों को पढ़ते

लफ्ज़ों के अर्थों पर लड़ते

इक दूजे की आंखे तकते 

गलत सलत कविताएं कहते

विरह के कुछ गीत लिखे थे

लिखते लिखते रो ही पड़े थे


अब के फिर उन गलियारों में

विरह के गीतों को पढ़ते   

आंखों में बरसात से पहले

इक दिन हम तुम फेर मिलेंगे


©2025 डॉ रविंद्र सिंह मान


शनिवार, 7 जून 2025

दिल के ऐसे हालात हैं कुछ

 

दिल के ऐसे हालात हैं कुछ खुशबाश सजाएं मांगता है
यूं जां देने को राजी है कातिल से वफाएं मांगता है

है इश्क वो शय जिसने भी इसे लज्जत समझा शिद्दत से किया
जीने की तमन्नाऐं  करता मरने की दुआएँ मांगता है

कुछ लम्हों की बेबाकी ने सदियों की खामोशी बख़्शी
पर इस बस्ती में जीना तो पुरजोर सदाएं मांगता है

कभी फूलों की खुश्बू की तरह, कभी मौसम के रंगों की तरह
हम सादा दिलों से भी कोई हर रोज़ अदाएं मांगता है

हैरान हूं के दो हमराही, आशिक भी हैं, संजीदा भी
और हर कोई इक दूजे के बदले में सजाएं मांगता है

©2025 डॉ रविंद्र सिंह मान

रविवार, 15 सितंबर 2024

इस हाल में हम दीवानों से तुम कहते हो खामोश रहो



जब झूठ के ताबेदारों की ज़हराब  आवाज़ों के डर से

सच बोलने वाले चुप्प हुए सब इन मक्कारों के डर से

जब धर्म किसी कातिल के हाथों में खंजर की धार बनें

हर ओर सियासत के नारे, हत्याओं के हथियार बनें


इस हाल में हम दीवानों से तुम कहते हो खामोश रहो


गाय के बहाने लोगों की जब लाश बिछाई जाने लगे

और हत्यारों की गर्दन में माला पहनाई जाने लगे

इंसाफ़ के मंदिर चुप्पी साधे इधर उधर को तकते हों

और बेकसूर इंसाफ़ तो क्या जब ख़ुद जेलों में सड़ते हों


इस हाल में हम दीवानों से तुम कहते हो खामोश रहो



हर गांव की हर इक बस्ती की उम्मीदों में लाचारी हो

और पढ़े लिखे हर हाथ की क़िस्मत में बस बेरोजगारी हो

तिस पे नित बढ़ती महंगाई सबको ठेंगा दिखलाने लगे

मसनद पे बिठाया था जिसको, सबको औकात बताने लगे



इस हाल में हम दीवानों से तुम कहते हो खामोश रहो


©2024 डॉ रविंद्र सिंह मान



गुरुवार, 11 अप्रैल 2024

गम से लबरेज मवाली नहीं होने पाए

गम से  लबरेज मवाली नहीं होने पाए 

मैकदे में भी बवाली  नहीं होने पाए 


हम अना छोड़ कई बार उधर से गुजरे 

सिर कटा के भी सवाली नहीं होने पाए 


आंख दरिया थे कि बहते ही चले जाते थे

दिल समंदर थे कि खाली नहीं होने पाए


जिस मरासिम के भरोसे पे जिए हैं, उसकी 

सबने चाहा कि बहाली नहीं होने पाए


आंधियों पर भी कई बार यकीं  कर देखा  

फिर भी  सहरा के अहाली नहीं होने पाए


हमने देखा है चरागों की तरह जल कर भी

पर किसी घर की दिवाली नहीं होने पाए


लाख दुनिया के तकाज़े  ये मगर  लफ्ज़ मेरे

सिर्फ शेरों में ढले गाली नहीं होने पाए


©2024 डॉ रविंद्र सिंह मान

उन निगाहों को खाब कर बैठे


उन निगाहों को ख़्वाब कर बैठे

इश्क में इंकलाब कर बैठे


जाने क्या ग़ैर से कहा उसने

हम मगर दिल खराब कर बैठे


इक ज़रा सी नहीं पे रो रो के

एक सहरा चिनाब कर बैठे


उलझनें और भी बढ़ीं मिलकर

और मिलने की ताब कर बैठे


इश्क में बेहिसाब खोकर सब 

इश्क फिर बेहिसाब कर बैठे


याद के नातमाम मंज़र में

एक लम्हे को बाब कर बैठे


©2024 डॉ रविंद्र सिंह मान


रविंद्र सिंह मान

शनिवार, 27 जनवरी 2024

उस से सहमत सब से सहमत कैसे हो

उसके जैसी सब से मुहब्बत कैसे हो

उस से सहमत सब से सहमत कैसे हो


ख़ाब में उसको देखने वाले ने सोचा

ख़ाबों सा ये ख़ाब हकीकत कैसे हो


पलटा, आंख उठाई, थोड़ा मुस्काया

हश्र से पहले और कियामत कैसे हो


उसकी आँखें पढ़ते पढ़ते सीख गया

एक खुदा पर पूरी अकीदत कैसे हो


फूल खिला के कांटों में सोचा हर बार

जाने इन कांटों से  निस्बत कैसे हो


हिज्र की शब हम तेरे पहलू आ बैठे

इस उलझन में हम से हिजरत कैसे हो


बड़े जतन से हक़मारी की फिर सोचा

अब इस काम में और भी बरकत कैसे हो


रूहों तक तो ख़ुद को उधेड़ लिया हमने

कुछ तो बताओ तुम से मुहब्बत कैसे हो


दुनिया चांदी चांदी, सोना सोना है

हाथ पे रक्खे दिल की हिफाज़त कैसे हो


शोर मचाते उठ आए  दीवाने लोग

मयखाने में रोज़ इजाज़त कैसे हो


हंसते हंसते अब तो रो पड़ते हैं हम

रो देने वालों से बगावत कैसे हो


लोहा तो लोहे से कट भी सकता है

कम लेकिन नफरत से नफरत कैसे हो


चेहरे-मोहरों तक सीमित इस जंगल में 

एहसासों की बोल हुकूमत कैसे हो


©2024 डॉ रविंद्र सिंह मान

शुक्रवार, 19 जनवरी 2024

उसने साथ निभा देने का वादा नहीं किया


उसने  साथ निभा देने का वादा नहीं किया

हमने भी उल्फत का कोई इरादा  नहीं किया


पलकों पर रक्खा था सारे आंसू खारिज़ थे

दिल की धड़कन था पैकर का लिबादा नहीं किया


जिस जिस से मिलवाया खासम-खास कहा उसको

शायद ये गलती  थी उसको सादा नहीं किया


जो तरकीबें थीं कहने , सुनने, और चुप रहने की

सबको दूना बरता एक से आधा नहीं किया


ऐसा नहीं अब जां देने की नौबत आन पड़े

प्यार किया हमने पर इतना  ज्यादा नहीं किया


आज की धुंध  में बात वफ़ा की क्यों कीजे, और किससे 

सूरज ने भी शाम से कल कोई वादा नहीं किया


©2024 डॉ रविंद्र सिंह मान

शुक्रवार, 24 सितंबर 2021

आजादी के पिचहत्तरवें साल में

 

आया-आया आजादी का साल पिचहत्तर

संघर्षों की गाथा गाएँ, आओ मिलकर


सन सत्तावन वाली जंग का कौन थे हिस्सा?

'खूब लड़ी मर्दानी' वाला याद है किस्सा?

'वीर तांत्या'  और 'नाना' ने धूल चटाई

कितने ही वीरों ने तब कुर्बानी पाई


फाँसी के फंदे पे पहला तिलक थे, 'मंगल'

शुरु हुआ इस तरह से आजादी का दंगल

मेरठ से चल दिल्ली तक पहुँचे बाँकुरे 

लेकिन "भारत माँ " के सपने रहे अधूरे 


अभी बहुत जानें बाकी थीं, जानी इस पर

संघर्षों की गाथा गाएँ, आओ मिलकर


'लाल'-'बाल' और 'पाल' बने अगला उजियारा

"आजादी है जन्म-सिद्ध अधिकार हमारा"

रहे जेल में 'तिलक ', लाठी 'लाला' ने खाई

जाँ की कीमत देकर यह आजादी पाई


'नेहरू', 'गाँधी', 'बोस', 'पटेल' का लोहा माना

देश के हर कोने ने पहना युद्घ का बाणा 

"सत्याग्रह" और "असहयोग" से "भारत छोड़ो "

तब भी कुछ ने चाहा हिंदू-मुस्लिम तोड़ो 


जांबाजों की कथा, अभी है इससे बढ़कर

संघर्षों की गाथा गाएँ, आओ मिलकर


सत्रह साल में 'करतारे' ने फंदा डाला

'उधमसिंह ' ने नहीं भुलाया जलियाँवाला 

'लाला' की हत्या का बदला लेकर माने

'भगतसिंह ', 'सुखदेव', 'राजगुरु ' दीवाने


"इंकलाब", "जयहिन्द" बना था सबका नारा

'दुर्गा', 'अश्फ़ाक', 'चंद्रशेखर', 'बिस्मिल' प्यारा

खूब चली जुल्मों की चक्की अण्डमान में 

कितने नाम नहीं आयेंगे किसी गान में 


जाने-अनजानों को याद करें बढ़-चढ़कर

संघर्षों की गाथा गाएँ, आओ मिलकर


©2021 डॉ रविन्द्र सिंह मान







रविवार, 15 नवंबर 2020


ज़िंदगी इस क़दर आसान रही

याँ  हथेली पे  सबके जान रही


डॉ रविंद्र सिंह मान

शुक्रवार, 9 अक्टूबर 2020

गाली और कविता

 

1.


गालियाँ 

कविता होती हैं

जब वे

क्रोध में नहीं

विरोध में दी जाती हैं.


2.


कविताएँ

गालियाँ होती हैं

जब वे 

विचार नहीं

व्यक्ति के 

विरोध में 

कही जाती हैं.


3.


गालियों में

भटकते शब्द

कविता तराश सकते हैं.

ये

लहज़े, लिहाज़,

लफ़्फ़ाजी के

संतुलन का

मामला  है



©2020 डॉ रविन्द्र सिंह मान

मंगलवार, 25 अगस्त 2020

बुद्ध होने से पहले

 

सड़क पर भीड़ थी

मैं रुका रहा

देखता रहा दौड़ते सबको

आगे निकलते, पीछे छोड़ते सबको


सब वहाँ पहुँचना चाहते थे

जहाँ से और आगे के रास्ते थे

रास्तों को लाँघते, समय को ठेलते

देखता रहा सबको, स्वंय को धकेलते


दौड़ को उत्सुक क़दमों को रोक थोड़ा

किंचित चेतन ने अवचेतन को झँझोड़ा

स्वयं ने स्वयं को रोका

मैं रुका रहा


देखता रहा भीड़ में

स्वयं को अकेले

कैसे दौड़ते होंगे बुद्ध

बुद्ध होने से पहले



©2020 डॉ रविन्द्र सिंह मान

सोमवार, 6 जुलाई 2020

तन्हाई



कितनी तन्हा
होती है रात
इसके
अपने ही
अँधेरों-उजालों में
इसका
अपना भी
साया साथ नहीं देता।

और
इतना ही
तन्हा मैं हूँ।

©2020 डॉ रविन्द्र सिंह मान


बुधवार, 1 जुलाई 2020

शेर

झूठी आस दिलाओ बहुत अँधेरा है
कोई  हाथ  बढ़ाओ बहुत अँधेरा है

©2020 डॉ रविंद्र सिंह मान